निर्वाण का प्रतीक

आग कैसे बुझती है, यह हम सब जानते हैं। आग की लपटें शांत होकर नष्ट हो जाती हैं। तो जब पता चलता है कि बौद्ध साधना के लक्ष्य के नाम, निर्वाण, का मतलब है आग का बुझ जाना, यह ख्याल बिल्कुल जानलेवा सा लगता है – पूर्ण विनाश। वास्तव में, यह एक अनुवाद की गलतफहमी है – शब्द के अनुवाद की नहीं, बल्कि प्रतीक के अनुवाद की। बुद्ध के ज़माने के लोग क्या आग के बुझ जाने को उसका विनाश समझते थे? बिल्कुल भी नहीं।

प्राचीन ब्राह्मणों के मुताबिक, आग बुझ कर एक अव्यक्त अवस्था में चली जाती है। किसी भी प्रकार के जलावन या ईंधन से बंधन तोड़कर – जैसे कोयला या लकड़ी – वह नष्ट होने की जगह अप्रकट होकर पूरे ब्रह्मांड में फैल जाती है। ब्राह्मणों को निर्वाण के बारे में समझाने के समय जब बुद्ध इस प्रतीक का उपयोग करते थे, तब वे बुझी हुई आग के अस्तित्व की बात को छोड़कर, इस बात पर ध्यान देते थे – कि एक आग जो जले नहीं, उसकी परिभाषा करना असंभव है। उनके वचन इस अर्थ को लेकर समझ में आते हैं, कि जो व्यक्ति पूरी तरह से “बुझ” गया है, उसकी व्याख्या नहीं की जा सकती।

मगर अपने शिष्यों को सिखाने वक्त बुद्ध निर्वाण को मुक्ति का रूपक मानकर समझाते थे। ऐसा प्रतीत होता है कि प्राचीन भारत में लगभग सब लोग जलती आग को तड़पती, फंसी हुई, और निर्भर समझते थे, अपने ईंधन से आसक्त, और उसके कारण अटकी हुई। आग जलाने के लिए उसका कब्ज़ा करना होता है। जब आग अपने ईंधन को छोड़ देती है, तब वह अपनी व्याकुलता और निर्भरता छोड़कर अपने जंजाल से मुक्त हो जाती है – शांत और असीमित हो जाती है। इसलिए पाली काव्य में मुक्ति के लिए बुझी हुई आग का रूपक बार-बार इस्तेमाल किया गया है। असल में, सूत्रों में आग से संबंधित दो और रूपक दिखाई देते हैं। “उपादान” का अर्थ, “आसक्ति” के साथ-साथ यह भी है – किसी आहार से पोषण ग्रहण करना, जैसे कि आग ईंधन से करती है। “खंध” यानी “स्कंध,” मतलब “टुकड़ा,” पांच स्कंधों को कहते हैं जिनसे संसार जगत का हर अनुभव बनता है – रूप, संवेदना, संज्ञा, संस्कार, और चैतन्य – और साथ में, पेड़ के तने को भी कहते हैं। जैसे कि आग ईंधन से पोषण ग्रहण करना छोड़कर, उससे आसक्ति त्यागकर, बुझ जाती है, वैसे ही मन स्कंधों से आसक्ति छोड़कर मुक्त हो जाता है।

तो निर्वाण के पीछे जो प्रतीक है, वह मुक्ति का है। पाली टिप्पणियां इस बात की पुष्टि करतीं हैं। “निर्वाण” शब्द को विभाजित करके मूल अर्थ निकालती हैं “निर्बंधन।” किस प्रकार का निर्बंधन? सूत्र दो प्रकार के निर्बंधन की व्याख्या करते हैं। पहला, इसी जीवन में निर्बंधन, जिसे संकेत दिया है एक बुझी हुई आग का, जिसके कोयले अभी फिलहाल गर्म हैं। यहां बात की जा रही है पूरी तरह से मुक्त अरहंत की, जो दृश्यों और ध्वनियों के प्रति सचेत है, शारीरिक स्तर पर सुखद और दुखद संवेदनाएं महसूस करता है, मगर राग, द्वेष और मोह से मुक्त हो चुका है। निर्बंधन के दूसरा स्तर को संकेत दिया गया है एक इतनी पूरी तरह से बुझी हुई आग का जिसके कोयले भी ठंडे हो गए हों – यह अनुभव अरहंत का इस जीवन के बाद। इंद्रियों का सारा अनुभव पूरी तरह से ठंडा हो जाता है, और अरहंत धीमे-से-धीमे प्रकार के भी तनाव से मुक्त हो गया है, स्थान और समय की हर सीमा से मुक्त हो गया है।

बुद्ध दोहराते हैं कि यह स्तर अव्याख्येय है। यह भी नहीं कहा जा सकता कि अरहंत का अस्तित्व है या नहीं, क्योंकि भाषा केवल सीमाओं के भीतर लागू हो सकती है। रूपक और प्रतीक के सिवा वे बस इतना कहते हैं कि उस अनुभव के पूर्वस्वाद को इस जीवन में स्वयं लेना संभव है, और कि वह ही परम सुख है, सचमुच जानने योग्य।

तो अगली बार जब तुम आग को बुझते देखो, तब उस दृश्य को विनाश का उदाहरण न मानकर, यह समझो कि त्यागने से मुक्ति कैसे प्राप्त होती है।